October 21, 2026

गौचर प्रेस क्लब कार्यालय का शुभारंभ, पदाधिकारियों को दिलाई गई पद एवं गोपनीयता की शपथ

20261021_130137

गौचर प्रेस क्लब कार्यालय का शुभारंभ, पदाधिकारियों को दिलाई गई पद एवं गोपनीयता की शपथ

 

पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने प्रेस क्लब के भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

 

गौचर। चमोली जनपद के गौचर में पंजीकृत प्रेस क्लब के कार्यालय का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। नगर पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने भविष्य में प्रेस क्लब के भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।

 

गौरतलब है कि गौचर में करीब एक वर्ष पूर्व प्रेस क्लब का गठन किया गया था, जिसका अब विधिवत पंजीकरण भी हो चुका है। प्रेस क्लब के कार्यालय के लिए नगर पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने एक कक्ष उपलब्ध कराया। बुधवार को पालिकाध्यक्ष ने रिबन काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद पालिका सभागार में प्रेस क्लब के संरक्षक चंद्रवीर गायत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि उनके कार्यकाल में गौचर प्रेस क्लब का गठन होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रेस क्लब के भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

 

जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन की आंख और कान होते हैं। लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके सम्मान में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। वहीं, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी ने पत्रकारों को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि गौचर में प्रेस क्लब की स्थापना से क्षेत्र की पहचान जनपद के साथ-साथ प्रदेश और देश में भी मजबूत होगी।

 

रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के अध्यक्ष वीरपाल नेगी ने प्रेस क्लब के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त की। लोक कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने कहा कि प्रेस क्लब के कार्यक्रम में शामिल होकर वह गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

 

उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने गौचर के पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में यहां के पत्रकार अपनी अलग पहचान बनाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब जनसंपर्क और जनहित के क्षेत्र में बेहतर कार्य करेगा।

 

प्रेस क्लब के मुख्य सलाहकार दिग्पाल गुसाईं ने क्लब की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारों की पहचान उनके पद से नहीं, बल्कि उनके व्यवहार और कार्यशैली से बनती है। पत्रकारों को मधुर व्यवहार और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित करनी चाहिए।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेस क्लब के संरक्षक चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि गौचर प्रेस क्लब को देहरादून प्रेस क्लब से संबद्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यहां के पत्रकारों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

 

कार्यक्रम का संचालन डीडी न्यूज़ के पत्रकार भानु प्रकाश नेगी ने किया, जबकि प्रेस क्लब अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एलपी लखेड़ा और दिग्पाल गुसाईं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, पूर्व कर्मचारी संगठन अध्यक्ष राजेंद्र मैखुरी, राष्ट्रपति से सम्मानित सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह नेगी, गजेंद्र नयाल, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला प्रभारी महावीर रावत, दशोली ब्लॉक प्रभारी सुरेंद्र सिंह गढ़िया, मदन मैखुरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!