गढ़वाल भ्रातृ मण्डल ने हरेला पर्व पर किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


स्वर्णिम जयंती वर्ष के अवसर पर संस्था ने नई पीढ़ी के साथ मनाया हरेला, पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
देहरादून।
गढ़वाल भ्रातृ मण्डल संस्था (पंजी.), क्लेमेनटाउन ने अपने स्वर्णिम जयंती वर्ष के अवसर पर उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया। गढ़ भवन, वेल रोड, क्लेमेनटाउन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत ने की।

कार्यक्रम के तहत गढ़ भवन के समीप खाली भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही उपस्थित सदस्यों को अपने-अपने घरों में लगाने के लिए पौधे वितरित किए गए। संस्था ने निर्णय लिया कि प्रत्येक सदस्य भविष्य की बैठकों में अपने लगाए गए पौधों की बढ़ती हुई स्थिति के फोटो भी लेकर आएगा, ताकि उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम की व्यवस्था महासचिव एवं वर्तमान पार्षद दीपक नेगी ने की।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री दर्जाधारी अनुराधा वालिया को सम्मानित किया गया। वहीं शौर्य प्रताप सिंह भंडारी को वर्ष 2012 में उनके द्वारा लगाए गए रुद्राक्ष के पौधे के आज विशाल वृक्ष बनने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। संस्था ने उन्हें पौधा, गमला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।


संस्था के संरक्षक कर्नल (सेवानिवृत्त) हीरा मणि बर्थवाल (विशिष्ट सेवा मेडल) ने कहा कि संस्था पिछले दो दशकों से अधिक समय से पर्यावरण संरक्षण के लिए नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाती रही है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने हरेला पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकास के नाम पर अंधाधुंध वृक्षों की कटाई चिंता का विषय है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक बताते हुए प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संरक्षक रघुनंदन सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष ओ.पी. बहुगुणा, सुंदर लाल सेमवाल, जयपाल सिंह रावत,आलम सिंह भंडारी, उमराव सिंह गुसाईं, डी.पी. बड़ोनी, गोबिंद सिंह रावत, बृजमोहन भंडारी, जितेंद्र खंतवाल, उत्तम सिंह रौथाण, डी.एस. भंडारी, अर्जुन सिंह गुसाईं, सुबोध नौटियाल, रंजन नौटियाल, पूर्व पार्षद राजेश परमार, चंद्रपाल रावत, अरविंद धूलिया, गजेंद्र नयाल, रमेश चमोली, विक्रम नैथानी, सुनील रावत, सूरज प्रकाश सिंह भंडारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
