August 3, 2026

देहरादून में 8वें वेतन आयोग के समक्ष पूर्व सैनिकों ने रखीं मांगें

देहरादून में 8वें वेतन आयोग के समक्ष पूर्व सैनिकों ने रखीं मांगें
देहरादून। राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित 8वें वेतन आयोग की प्रारंभिक बैठक में पूर्व सैनिक संघर्ष समिति क्लेमेनटाउन के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के डायरेक्टर श्री मनीष एवं उनके सहयोगियों के समक्ष वेतन, पेंशन और भत्तों से जुड़ी विभिन्न मांगें विस्तार से रखीं।
प्रतिनिधिमंडल में समिति अध्यक्ष कैप्टन आलम सिंह भण्डारी, सचिव सूबेदार मेजर जयपाल सिंह रावत, उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष कैप्टन विजय सिंह रावत तथा फेडरेशन ऑफ वेटरन्स एसोसिएशन दिल्ली से आए प्रवक्ता कैप्टन लोकेन्द्र सिंह और कैप्टन निरंजन सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने बताया कि वे आयोग को अपना मांगपत्र पूर्व में भी भेज चुके हैं।
बैठक में पूर्व सैनिकों ने न्यूनतम और अधिकतम वेतन में न्यायसंगत संतुलन, समान वेतन वृद्धि, कठिन क्षेत्रों के लिए समान एमएसपी, समान मल्टीपल फैक्टर, छठे वेतन आयोग की तर्ज पर ग्रेड पे लागू करने, जेसीओ-जवानों के एसीपी/एमएसीपी मामलों में न्याय तथा मानद रैंक प्राप्त सैनिकों को आर्थिक लाभ दिए जाने की मांग उठाई।
इसके अलावा 60 वर्ष की आयु के बाद अतिरिक्त पेंशन, विधवा पेंशन में वृद्धि, डिसेबिलिटी पेंशन को समान करने, असम राइफल्स के जवानों को सेना के समकक्ष वेतन-पेंशन देने तथा सातवें वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने की मांग भी रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में इस प्रकार का आयोजन करने पर आयोग का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। वहीं आयोग की ओर से आश्वासन दिया गया कि उचित मांगों पर विचार कर उन्हें स्वीकार किया जाएगा तथा अन्य मामलों को भारत सरकार के संज्ञान में भेजा जाएगा।
बैठक के अंत में पूर्व सैनिकों ने कहा कि यह पहला अवसर है जब जेसीओ और जवानों को आयोग के समक्ष खुलकर अपनी बात रखने का अवसर मिला।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!