नारायणबगड़ के बमियाला-कफोली में भालू का आतंक, ग्रामीण में दहशत।
नारायणबगड़ के बमियाला-कफोली में भालू का आतंक, ग्रामीण दहशत में
नारायणबगड़। चमोली जनपद के विकासखंड नारायणबगड़ के दूरस्थ गांव बमियाला, कफोली और नालापानी तोक में इन दिनों भालू की लगातार आवाजाही से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों के अनुसार भालू रात के समय आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर घरों के आंगन तक आ रहे हैं। इसके साथ ही फसलों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कई भालू दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। भालू के आतंक के चलते स्कूली बच्चों को भी स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालुओं की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
ग्रामीण केशर सिंह रावत और कृपाल सिंह पंवार ने इस संबंध में पश्चिमी पिंडर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप गौड़ को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप गौड़ ने प्रभावित क्षेत्र में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भेजने की बात कही है। उन्होंने ग्रामीणों को भालू को आबादी क्षेत्र से दूर रखने के लिए पटाखे भी वितरित किए हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और भालू के आतंक से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
