कूड़े के पहाड़ से खूबसूरत पार्क में तब्दील हुआ श्रीनगर का ट्रेंचिंग ग्राउंड, बदली नर्सरी रोड की तस्वीर
कूड़े के पहाड़ से खूबसूरत पार्क में तब्दील हुआ श्रीनगर का ट्रेंचिंग ग्राउंड, बदली नर्सरी रोड की तस्वीर
18 हजार टन कूड़े का निस्तारण कर विकसित किया गया पार्क, अब बच्चों की चहल-पहल और हरियाली से गुलजार है क्षेत्र
श्रीनगर गढ़वाल। कभी कूड़े के ढेर और दुर्गंध से परेशान रहने वाले श्रीनगर के नर्सरी रोड क्षेत्र की तस्वीर अब पूरी तरह बदल गई है। नगर क्षेत्र के कूड़े के डंपिंग स्थल के रूप में इस्तेमाल होने वाला ट्रेंचिंग ग्राउंड अब खूबसूरत पार्क के रूप में विकसित हो चुका है। जहां कभी गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों का गुजरना मुश्किल था, वहीं आज हरियाली के बीच बच्चों की चहल-पहल और लोगों की आवाजाही देखने को मिल रही है।
नर्सरी रोड स्थित इस ट्रेंचिंग ग्राउंड में लंबे समय तक नगर क्षेत्र का कूड़ा डंप किया जाता था। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थिति यह थी कि कई लोग इस मार्ग से गुजरने से भी कतराते थे। लेकिन नगर निगम और सरकार के प्रयासों से इस स्थान की तस्वीर बदल दी गई है। यहां जमा करीब 18 हजार टन कूड़े का निस्तारण और शिफ्टिंग करने के बाद इसे पार्क के रूप में विकसित किया गया है।
स्थानीय निवासी आशीष नौटियाल बताते हैं कि पहले इस स्थान पर नगर क्षेत्र का पूरा कूड़ा डंप किया जाता था। दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती थीं। अब यहां पार्क विकसित होने से क्षेत्र को गंदगी और दुर्गंध से निजात मिली है। बच्चों को खेलने तथा स्थानीय लोगों को घूमने-टहलने के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध हुआ है। उन्होंने इस पहल के लिए सरकार और नगर निगम की महापौर आरती भंडारी का आभार जताया।
वहीं, नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने बताया कि नर्सरी रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड लंबे समय से कूड़े के बड़े ढेर में तब्दील था। यहां जमा करीब 18 हजार टन कूड़े का निस्तारण और शिफ्टिंग कराने के बाद इस स्थान को पार्क के रूप में विकसित किया गया है। अब शाम के समय बड़ी संख्या में बच्चे यहां खेलने पहुंच रहे हैं और स्थानीय लोग भी पार्क में सैर-सपाटे का आनंद ले रहे हैं।
कभी जिस स्थान की पहचान कूड़े और दुर्गंध से होती थी, आज वही स्थान हरियाली और रौनक का केंद्र बन रहा है। श्रीनगर के नर्सरी रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का यह कायाकल्प स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
