मसूरी के रेस्टोरेंट में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, सीसीटीवी फुटेज वायरल






मसूरी। पेट्रोल पंप स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसकर कुछ युवकों द्वारा वहां बैठे युवक और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे और वहां बैठे उसके तथा उसके साथियों पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे पर नकाब पहना हुआ था। अचानक हुई मारपीट से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। घटना में मनीष और उसके साथियों के चोटिल होने की बात कही गई है।

घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर रेस्टोरेंट में घुसते और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया कि 15 सितंबर की सुबह करीब 3:55 बजे यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला चर्चा में आया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ ही उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
