November 17, 2026

गौचर मेले में पहली बार सजा पहाड़ी व्यंजनों का फूड फेस्टिवल, पारंपरिक स्वाद ने मोहा लोगों का मन*

0
20261116_201210

 

 

 

 

-मंडुवे की रोटी, कंडाली की सब्जी, भंगजीरे की चटनी और झंगोरे की खीर बनी आकर्षण का केंद्र, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिला रोजगार का मंच।

 

-अंजनी देवी,गौचर

 

गौचर (चमोली)। मेले हमारी पारंपरिक संस्कृति, लोक विरासत और सामाजिक जीवन की पहचान के प्रतीक होते हैं। मेलों के माध्यम से जहां हमारी सांस्कृतिक परंपराएं एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचती हैं, वहीं स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक खानपान को भी नई पहचान मिलती है। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में पहली बार पहाड़ी खानपान पर आधारित फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। फूड फेस्टिवल में पहाड़ के पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू और स्वाद ने मेले में पहुंचे लोगों को खूब आकर्षित किया।

 

मेला अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौटियाल की पहल पर आयोजित इस विशेष फूड फेस्टिवल में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने पारंपरिक पहाड़ी अनाज यानी श्री अन्न से तैयार विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजन प्रस्तुत किए। इनमें मंडुवे की रोटी, तोर की दाल, कंडाली की सब्जी, भंगजीरे की चटनी, काली दाल के पकौड़े, झंगोरे की खीर और कद्दू का रायता सहित अनेक पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन शामिल रहे। इन व्यंजनों के माध्यम से लोगों को पहाड़ के पारंपरिक और पौष्टिक खानपान का स्वाद चखने का अवसर मिला।

 

फूड फेस्टिवल की खासियत यह रही कि इसमें केवल पहाड़ी व्यंजनों को परोसने तक ही सीमित न रहकर उत्तराखंड की पारंपरिक रसोई, खानपान की शैली और सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। आयोजन स्थल पर पहाड़ी वेशभूषा और पारंपरिक सजावट ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पहाड़ की संस्कृति और खानपान की झलक प्रस्तुत कर रहे इस आयोजन को देखने और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए मेले में पहुंचे लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

 

मेला अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौटियाल ने बताया कि गौचर मेला केवल औद्योगिक विकास का मेला नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं को संरक्षित करने का भी महत्वपूर्ण मंच है। इसी सोच के साथ पहली बार पहाड़ी फूड फेस्टिवल आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य पारंपरिक पहाड़ी खानपान को बढ़ावा देने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय अनाज और उत्पादों को प्रोत्साहित कर लोकल फॉर वोकल की भावना को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों को व्यापक पहचान मिल सके।

 

वहीं, कार्यक्रम के संयोजक राहुल बिष्ट ने बताया कि फूड फेस्टिवल के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी अनाजों से तैयार पारंपरिक भोजन को नए और आकर्षक अंदाज में लोगों के सामने प्रस्तुत करना है। पहाड़ में मंडुवा, झंगोरा, दालों और अन्य स्थानीय अनाजों से कई पौष्टिक व्यंजन तैयार किए जाते हैं, लेकिन बदलती जीवनशैली के चलते पारंपरिक खानपान धीरे-धीरे पीछे छूटता जा रहा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से इन व्यंजनों को फिर से लोकप्रिय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अपने उत्पादों और पाक कला के प्रदर्शन के लिए बेहतर मंच मिल रहा है, जिससे उनकी आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।

 

फूड फेस्टिवल में प्रतिभाग कर रही स्वयं सहायता समूह की ग्रुप लीडर पवित्रा देवी ने कहा कि इस आयोजन में श्री अन्न और स्थानीय पहाड़ी अनाजों से तैयार कई तरह के पारंपरिक व्यंजन बनाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को शुद्ध, पौष्टिक और पारंपरिक पहाड़ी भोजन से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही रोजगार और आय अर्जित करने का अवसर भी मिल रहा है। महिलाओं ने इस पहल के लिए मेला प्रशासन का आभार जताया।

 

गौरतलब है कि गौचर मेले में पहली बार आयोजित इस पहाड़ी फूड फेस्टिवल ने पारंपरिक पहाड़ी खानपान को एक अलग पहचान देने का काम किया है। यह आयोजन न केवल उत्तराखंड की खानपान संस्कृति और लोक विरासत को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, बल्कि स्थानीय अनाजों के संरक्षण, महिला स्वरोजगार और पहाड़ी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम भी बना। मेले में आए लोगों के लिए पहाड़ के पारंपरिक स्वाद के साथ संस्कृति और विरासत को करीब से जानने का यह अनूठा अनुभव आकर्षण का केंद्र बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *