November 29, 2026

विवाह की यादों को पेड़ों में संजो रहे नवदंपति, समलौण मुहिम से जुड़ रहे गांव

0
IMG-20261129-WA0003

विवाह के पवित्र बंधन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ रही समलौण मुहिम-चार गांवों में नवदंपतियों ने रोपे फलदार पौधे,दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

]

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड में विवाह जैसे मांगलिक संस्कारों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की अनूठी समलौण पहल निरंतर जनआंदोलन का रूप ले रही है। इस पहल के माध्यम से नवदंपति अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत को केवल यादगार ही नहीं बना रहे हैं,बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली का उपहार भी दे रहे हैं। इसी कड़ी में जनपद पौड़ी गढ़वाल के दो विकासखंडों तथा जनपद अल्मोड़ा के एक विकासखंड के चार गांवों में विवाह समारोह के अवसर पर नवदंपतियों ने फलदार समलौण पौधों का रोपण कर समाज को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का प्रेरणादायी संदेश दिया। समलौण संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र दत्त गोदियाल ने बताया कि जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड थलीसैंण की पट्टी कण्डारस्यूं के ग्राम नौगांव पज्याणा में बालम सिंह रावत की पुत्री के विवाह के बाद नवदंपति पंकज एवं रचना ने अपने घर के आंगन में मौसमी का समलौण पौधा रोपकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत को यादगार बनाया। पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी रचना की माता दीपा देवी ने ली। कार्यक्रम का संचालन गांव की समलौण सेना नायिका कु.कंचन रावत ने किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्राणी के जीवन के लिए वृक्षों का होना अनिवार्य है, क्योंकि पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से वनों को आग से बचाने तथा अधिक से अधिक पौधों के संरक्षण की अपील की। इस अवसर पर समलौण सेना की सदस्य मालती देवी,कविता,वर्षा,तनुजा,करिश्मा,हिमानी, सोनाली,नीमा,साक्षी सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। नवदंपति ने समलौण सेना को 1100 रुपये की धनराशि भेंटकर इस पुनीत कार्य के प्रति अपना सम्मान भी व्यक्त किया। इसी प्रकार जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पाबों की पट्टी बालीकण्डारस्यूं के ग्राम सैंजी में गिरीश सिंह शाहू एवं बबली देवी की पुत्री के विवाह के अवसर पर वर-वधू अनूप एवं रश्मि ने घर के आंगन में संतरे का समलौण पौधा रोपित किया। पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी दुल्हन की माता बबली देवी शाहू ने ली। कार्यक्रम का संचालन गांव की समलौण सेना नायिका गीता देवी ने किया। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे मांगलिक अवसर पर पौधारोपण करना पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। जब परिवार स्वयं पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हैं तो समाज के अन्य लोग भी इससे प्रेरित होते हैं। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपने जीवन के संस्कारों को यादगार बनाने के लिए समलौण पौधारोपण को परंपरा के रूप में अपनाने की अपील की। इस अवसर पर समलौण सेना की सदस्य बबली भण्डारी,सीमा देवी,सुमन देवी,विधि देवी,कमला देवी सहित ग्रामीण,घराती एवं बाराती उपस्थित रहे। दूल्हे अनूप ने समलौण सेना को 500 रुपये की धनराशि भेंट की। वहीं जनपद अल्मोड़ा के विकासखंड स्याल्दे (सराईखेत क्षेत्र) के ग्राम सुवाद्योल में गोविन्द सिंह नेगी के पुत्र के विवाह एवं गृह प्रवेश के अवसर पर वर-वधू विक्रम एवं रोशनी ने घर के आंगन में संतरे का समलौण पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी दूल्हे की माता मना देवी ने संभाली। कार्यक्रम का संचालन समलौण आंदोलन के जिला संयोजक श्याम सिंह गुसाईं ने किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति मानवीय संवेदनशीलता में कमी के कारण पर्यावरण प्रदूषण और प्राकृतिक असंतुलन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ग्लोबल वार्मिंग एवं जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने में वृक्षारोपण और पौधों का संरक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। समलौण पहल जीवन के प्रत्येक संस्कार को प्रकृति से जोड़ने का अनूठा प्रयास है,जिसका उद्देश्य मानव और प्रकृति के बीच आत्मीय संबंध स्थापित करना तथा आम जनमानस को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से वनों को आग से बचाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर समस्त ग्रामवासी एवं मेहमान उपस्थित रहे। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड थलीसैंण की पट्टी कण्डारस्यूं के ग्राम कोटी में स्व.भगत सिंह के पुत्र के विवाह के बाद नवदंपति विनोद एवं बिनीता ने घर के आंगन में माल्टे का समलौण पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी विनोद की भाभी ममता देवी ने ली। कार्यक्रम का संचालन गांव की समलौण सेना नायिका हिमनति देवी ने किया। उन्होंने कहा कि ग्राम कोटी में प्रत्येक मांगलिक संस्कार के अवसर पर घर के आंगन में समलौण पौधारोपण करना अब एक परंपरा बन चुकी है। गांव की महिलाएं समलौण सेना के रूप में इस अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाती हैं और रोपित पौधों का संरक्षण परिवार के सदस्य भावनात्मक जुड़ाव के साथ करते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल अब गांवों से निकलकर शहरों तक पहुंच रही है और राज्यभर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का माध्यम बन रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से प्रत्येक संस्कार पर समळौण पौधारोपण करने और वनों को आग से बचाने की अपील की। इस अवसर पर समळौण सेना की सदस्य जमुना देवी,संगीता देवी,अशरफी देवी,अंजली देवी,उमा देवी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। परिवार की ओर से समलौण सेना को 500 रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप भेंट की गई। चार गांवों में एक संदेश-प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी। कार्यक्रमों की विशेषता यह रही कि नवदंपतियों ने विवाह की खुशियों को केवल पारिवारिक उत्सव तक सीमित न रखकर उसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों से जोड़ा। कहीं मौसमी,कहीं संतरे तो कहीं माल्टे के पौधे रोपकर उन्होंने यह संदेश दिया कि विवाह की स्मृतियां केवल तस्वीरों और समारोहों में ही नहीं,बल्कि आंगन में लहलहाते वृक्षों के रूप में भी संजोई जा सकती हैं। समलौण संस्था की यह पहल उत्तराखंड की लोकसंस्कृति,पारंपरिक संस्कारों और प्रकृति प्रेम को एक सूत्र में पिरोने का सराहनीय प्रयास है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पौधारोपण के साथ पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी भी परिवार के किसी सदस्य को सौंपी जाती है,जिससे पौधा केवल एक वृक्ष नहीं,बल्कि परिवार की भावनाओं और यादों का हिस्सा बन जाता है। निश्चित रूप से यदि प्रत्येक परिवार अपने जीवन के मांगलिक अवसरों पर एक पौधा रोपने और उसका संरक्षण करने का संकल्प ले,तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण,हरियाली और प्रकृति की अनमोल विरासत सौंपी जा सकती है। समलौण की यह छोटी-सी पहल आज समाज को बड़ा संदेश दे रही है कि संस्कार तभी सार्थक हैं,जब वे प्रकृति और जीवन के संरक्षण से भी जुड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल