गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश।

आगामी प्रस्तावित गैरसैंण विधानसभा सत्र को लेकर एनआईसी वीसी सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रप्रयाग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग करते हुए संबंधित विभागों को सत्र के सफल, सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्र से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए तथा किसी भी स्तर पर कमी न रहे।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान को पेयजल भंडारण क्षमता बढ़ाने तथा पुलिस बैरक के लिए पृथक पेयजल लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, शहरी विकास विभाग एवं जिला पंचायत को पर्याप्त मोबाइल एवं स्थायी शौचालय, स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं वैकल्पिक व्यवस्था, लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत एवं सफाई तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा टीम, एंबुलेंस एवं दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विधानसभा सत्र को देखते हुए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप स्थलीय निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अभिषेक गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, पुलिस, पूर्ति, शहरी विकास, जिला पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
