October 1, 2026

एनीमिया के खिलाफ चमोली में चलेगा महाअभियान, 02 से 09 अक्टूबर तक होगी जांच व उपचार।

शरीर में आयरन एवं हीमोग्लोबिन की कमी के कारण होने वाले एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जनपद चमोली में 02 अक्टूबर से 09 अक्टूबर 2026 तक पल्स एनीमिया महा अभियान के द्वितीय चरण का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान जिलेभर में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लक्षित आयु वर्ग के लोगों की जांच एवं आवश्यक उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अभियान का उद्देश्य एनीमिया से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों को एनीमिया से बचाव के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यकता के अनुसार आयरन एवं फोलिक एसिड की दवा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही एनीमिया के कारणों, लक्षणों, बचाव एवं संतुलित आहार के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि अभियान के दौरान अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा निर्धारित जांच स्थल पर पहुंचकर हीमोग्लोबिन की जांच अवश्य कराएं। विशेष रूप से बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं एवं अन्य लक्षित वर्गों को अभियान का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया है।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!