September 19, 2026

कर्णप्रयाग नगर पालिका बोर्ड बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसले

 

सिमली क्षेत्र में घर-घर कूड़ा संग्रहण, सभी वार्डों में सीसीटीवी और 5 लाख से अधिक के कार्यों पर लागत बोर्ड अनिवार्य

कर्णप्रयाग (चमोली)। नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक 18 सितंबर 2026 को पालिका अध्यक्ष गणेश चंद्र शाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, जनसुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एक्ट-2026 के नए नियमों एवं उपविधियों को मंजूरी दी गई। वहीं सिमली क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2027-28 से शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। नगर में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग देने के लिए जागरूक किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में जैविक कचरा निस्तारण के लिए कम्पोस्ट पिट बनाए जाएंगे। इसके साथ ही उत्पाती बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे नगरवासियों को बंदरों के आतंक से राहत मिल सके।

बैठक में 5 लाख रुपये से अधिक लागत वाले सभी निर्माण कार्यों के स्थल पर लागत बोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है। बाजार में पारदर्शिता के लिए फल, सब्जी और रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट प्रदर्शित करनी होगी।

नगर में सुविधाओं के विस्तार के तहत पोखरी पार्किंग के समीप नए अतिथि गृह (गेस्ट हाउस) के निर्माण के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर के सभी वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि किसी पार्टी अथवा शादी समारोह से तीन दिन पूर्व नगर पालिका को सूचना देना अनिवार्य होगा, ताकि कार्यक्रम से उत्पन्न अपशिष्ट का उचित निस्तारण किया जा सके। नगर क्षेत्र के प्रत्येक दुकानदार को डस्टबिन रखना भी अनिवार्य किया गया है।

नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नगर पालिका द्वारा हेल्पलाइन सेवा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त बैठक में नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों और पथ-प्रकाश (विद्युत) व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिशासी अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत सहित नगर पालिका के सभासद और कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!