October 16, 2026

नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा जेसीबी ऑपरेटर की मौत

IMG_20260831_152710

चमोली-नारायणबगड़ जेसीबी ऑपरेटर की मौत

चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र में नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया। सीरी गांव के समीप पहाड़ी से अचानक भारी मलबा और बोल्डर गिरने की चपेट में आने से जेसीबी मशीन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घायल ऑपरेटर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से भूस्खलन के कारण नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग सीरी गांव के समीप यातायात के लिए बंद था। सड़क से मलबा, पत्थर और बोल्डर हटाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबे के साथ बोल्डर नीचे आ गिरा और इसकी चपेट में जेसीबी मशीन ऑपरेटर आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्राम पंचायत सीरी के प्रधान भगवती प्रसाद सती ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब सड़क खोलने के कार्य में लगे कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।

उन्होंने कहा कि मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आपात स्थिति में यदि किसी महिला या पुरुष की तबीयत बिगड़ती है तो एंबुलेंस के गांव तक पहुंचने में भी मुश्किल हो सकती है। ग्रामीणों ने मार्ग को सुरक्षित तरीके से खोलने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!