August 31, 2026

मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनता दरबार का किया गया आयोजन।

 

 

फरियादियों ने जनता दरबार में दर्ज करायी 33 शिकायतें।मुख्य विकास अधिकारी, डॉ0 अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक् का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने अपने क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा दीवार निर्माण, जंगली जानवरों द्वारा पहुॅचाये जा रहे फसलों को क्षति सम्बन्धी कुल 33 शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा गया, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में जनता की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया एवं मौके पर 18 शिकायतों का निस्तारण करते हुये अवशेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम सभा गौंणा से गजेन्द्र रावत ने राजकीय इण्टर कॉलेज गौंणा में शिक्षकों की तैनाती की मांग रखी उन्होंने कहा कि विद्यालय में दूरस्थ क्षेत्र धारकुमाला, दुर्मी एवं पगना के विद्यार्थी भी अध्ययन हेतु आते हैं, एवं वर्तमान में विद्यालय में 5 शिक्षकों के पद खाली हैं। नन्दानगर के निवासियों ने भी राजकीय बालिका इण्टर कालेज नन्दानगर में शिक्षकों को तैनात करने की मॉग मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखी।

दीपक बिष्ट सदस्य, नगर पालिका परिषद चमोली ने जिला अस्पताल गोपेश्वर में डॉक्टरों के पद रिक्त होंने की शिकायत जनता मिलन कार्यक्रम में रखी, उन्होंने कहा कि बाल रोग, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं ईएनटी विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण डॉक्टरों की नियुक्ति जनहित में तत्काल की जाए।

जनता मिलन में ग्राम सकण्ड के ग्रामीणों ने ग्रामसभा को सड़क मार्ग से जोड़ने एवं खोड़ मलाना के ग्रामीणों ने कृषि भूमि को जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु वायर फेंसिंग की मांग रखी। साथ ही उपस्थित अन्य फरियादियों ने भी विभिन्न समस्याओं को जनता मिलन कार्यक्रम में रखा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आमजनमानस की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, एवं सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया की आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित एवं स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान जनता मिलन कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी, चमोली राजकुमार पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी,जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!