खड़गे की रैली के बाद हवन पर सियासत, थराली विधायक ने कांग्रेस पर साधा निशाना






कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित रैली के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हवन को लेकर कांग्रेस की ओर से की जा रही बयानबाजी पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने पलटवार किया है। चमोली जिले के थराली में विधायक ने प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।


पत्रकारों से बातचीत में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि भाजपा को दलित विरोधी बताकर कांग्रेस अनावश्यक रूप से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बड़ी संख्या में दलित, पिछड़े और अनुसूचित जाति के कार्यकर्ता और पदाधिकारी हैं तथा पार्टी में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता।
विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हवन के मुद्दे को लेकर राजनीति कर रही है और जनता को भड़काने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में कांग्रेस को इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
