पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित समारोह, महेंद्र भट्ट और अजय कोठियाल रहे शामिल
पोखरी। ब्लॉक सभागार पोखरी में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री के सौजन्य तथा जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा (थालाबैड़ वार्ड) और दिव्या भारती (सलना वार्ड) के सहयोग से पूर्व सैनिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट, विशिष्ट अतिथि कर्नल अजय कोठियाल तथा जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि महेंद्र प्रसाद भट्ट ने कहा कि “सैनिक कभी रिटायर नहीं होता, वह जीवनभर समाज और राष्ट्र के हित में चिंतन करता रहता है।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सैनिकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और भारतीय सेना विश्व की सबसे सशक्त सेनाओं में शामिल है।
विशिष्ट अतिथि कर्नल अजय कोठियाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है तथा अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह भी बताया कि अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ, पोखरी में शीघ्र ही एनआईएम (NIM) से संबंधित गतिविधियां शुरू की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान बधाणी संस्था के कलाकार सावन चमोली और लोकगायिका मोनिका ने लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं हास्य कवि मुरली दीवान ने अपनी हास्य एवं ओजपूर्ण कविताओं से उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
समारोह में कैप्टन रमेश बर्तवाल, कैप्टन नंदन पंवार, मोहन सिंह बर्तवाल, तेजपाल बर्तवाल, तेजराम भट्ट, जगदीश किमोठी, सुरेंद्र सैलानी, दशरथ बर्तवाल, डी.एस. बर्तवाल, कैप्टन सत्येंद्र बुटोला, अरुणा देवी, माहेश्वरी देवी, सुशीला देवी, राजमती देवी, चंदा देवी सहित अनेक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से पोखरी विकासखंड के विकास को नई दिशा देना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इसी प्रकार के सम्मान समारोह जोशीमठ और दशोली विकासखंड में भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष कर्नल डी.एस. बर्तवाल, ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन रमेश बर्तवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, अवधेश रावत, अरुण मैठाणी, बीरेंद्र पाल सिंह भंडारी, राधारानी रावत, अमर सिंह रावत, दिगपाल नेगी, डॉ. मातबर सिंह रावत, नंदन सिंह बिष्ट, आनंद सिंह राणा, रमेश चौधरी, ललित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, भाजपा कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हर्षवर्धन थपलियाल ने किया।
