May 24, 2026

आदर्श विद्या मंदिर व सरस्वती शिशु मंदिर पोखरी में वार्षिकोत्सव का रंगारंग आगाज

विकासखंड पोखरी के आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान आदर्श विद्या मंदिर एवं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों ने विद्यालय की विभिन्न आवश्यकताओं के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की।

मुख्य अतिथि विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि शिशु विद्या मंदिर उत्तराखंड के सर्वोत्तम विद्यालयों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विधायक निधि का 70 प्रतिशत हिस्सा जरूरतमंद विद्यालयों के विकास में खर्च किया जाना चाहिए। शिक्षा ही वह हथियार है, जिससे हम दुनिया को अपनी मुट्ठी में कर सकते हैं।

आदर्श विद्या मंदिर के प्रबंधक कुन्दन सिंह नेगी ने कहा कि वार्षिकोत्सव कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ता है। वहीं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य श्याम सिंह सिरानी ने कहा कि अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान पूरे भारतवर्ष में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है तथा वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख राजी देवी, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, पूर्व प्रधानाचार्य के.एस. चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, अभिभावक संघ अध्यक्ष खुशहाल राणा, कार्यक्रम अध्यक्ष बी.आर. चौधरी, राज्य आंदोलनकारी शकुंतला कनवासी, समुद्रा देवी, हनुमंत कण्डारी, विलोचन बुटोला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!