May 24, 2026

आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गुनियाला पोखरी का तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुरू

पोखरी।
आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गुनियाला पोखरी का तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हो गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बद्रीनाथ विधानसभा के विधायक लखपत सिंह बुटोला तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना “तुषार हार धवला या वीणा वर्दन मंडिते” एवं स्वागत गीत “आयो रे मंगल अवसर आयो रे” की प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि शिक्षा ऐसा धन है जो कभी समाप्त नहीं होता। इसे जितना बांटो और खर्च करो, यह उतना ही बढ़ता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों में संस्कार और अनुशासन विकसित करें। इसके लिए अभिभावकों को स्वयं आदर्श बनना होगा, तभी बच्चे अच्छे नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आया है। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी आवश्यक है। एआई तकनीक के दौर में नई सोच और आधुनिक शिक्षा जरूरी हो गई है। विधायक ने कहा कि आस्था होनी चाहिए, लेकिन अंधविश्वास नहीं, क्योंकि अंधविश्वास समाज को पतन की ओर ले जाता है।
उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने हर वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश मेरिट सूची में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने समाज से शराब के अभिशाप को दूर करने के लिए मातृशक्ति की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि बच्चों के सबसे बड़े हितैषी माता-पिता और गुरु होते हैं, इसलिए उनका हमेशा सम्मान करना चाहिए।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने “आज मंगलवार है चूहों को बुखार है”, “तेरा प्यार ऐसा है”, “झुमालु”, “यूपी वाला ठुमका लगाओ”, “हीरो जैसा नाच के दिखाओ” सहित अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बना दिया।
हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 में प्रदेश मेरिट सूची में 24वां स्थान प्राप्त करने पर आकृति त्रिपाठी को शॉल ओढ़ाकर एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख राजी देवी, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा, विकेंद्र नेगी, हनुमंत कंडारी, करण नेगी, विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं थाला बैंड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा, प्रधानाचार्य कुंदन सिंह नेगी, राजेश चंद्र सती, सुभाष सती, सुखदेव, संदीप, अनिता देवी, पूजा गोदियाल, सरिता रावत, नीलम रावत, संतोषी राणा, अनामिका आर्य, कुसुम राणा, ममता थपलियाल, ऊषा देवी, निकिता, पीटीए अध्यक्ष पुष्पा देवी, आदित्यराम त्रिपाठी, विनोद गैरोला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण नेगी ने किया।
वहीं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पोखरी के वार्षिकोत्सव का शुभारंभ भी मुख्य अतिथि विधायक लखपत सिंह बुटोला एवं प्रमुख राजी देवी ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्याम सिंह शिरानी, दिनेश चौधरी, बीनू रावत, व्यवस्थापक रमेश चौधरी, पीटीए अध्यक्ष खुशहाल चौधरी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!