September 12, 2026

कर्णप्रयाग बीडीसी बैठक में गूंजी सड़क, पानी और बिजली की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश।

चमोली जनपद के विकासखंड कर्णप्रयाग सभागार में क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 94 ग्राम पंचायतों के क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने भाग लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने गांवों और क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में मौजूद जिला परियोजना अधिकारी आनंद भाकुनी ने जनप्रतिनिधियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। पंचायत प्रतिनिधियों ने खासतौर पर ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, पेयजल संकट और विद्युत आपूर्ति की समस्याओं को प्रमुख मुद्दों के रूप में उठाया।

बैठक के दौरान कई जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बरसात का मौसम नजदीक है, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें बदहाल स्थिति में हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई गांवों में पेयजल संकट और बिजली की अनियमित आपूर्ति से ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ी हुई हैं। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और विद्यालयों में शिक्षकों की समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा।

जिला परियोजना अधिकारी आनंद भाकुनी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और जिन मामलों में उच्च स्तर की कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें तत्काल अग्रेषित किया जाए।

ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना है। उन्होंने बताया कि कई समस्याओं का समाधान बैठक के दौरान ही संबंधित अधिकारियों द्वारा कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं को संबंधित विभागों को अग्रेषित कर शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।


बीडीसी बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में तेजी लाने, पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग प्रमुखता से उठाई। अधिकारियों द्वारा समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि ग्रामीण क्षेत्रों की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

 

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!