शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक हाई स्कूल पोखरी का वार्षिकोत्सव शुरू, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
पोखरी (चमोली):
शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक हाई स्कूल, पोखरी का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी, प्रधानाचार्य सत्येन्द्र बुटोला, महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती और नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति से हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेन्द्र भंडारी ने कहा कि शिवांगी विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और यहां की छात्र संख्या अन्य विद्यालयों की अपेक्षा अधिक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं तथा कुछ छात्र एनडीए में चयनित होकर अधिकारी भी बन चुके हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है और बेहतर शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों में महंगा खर्च करना जरूरी नहीं है। साथ ही उन्होंने बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के विकास, बी-फार्मा कॉलेज की स्थापना तथा चमोली में मेडिकल कॉलेज खुलने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
प्रधानाचार्य सत्येन्द्र बुटोला ने बताया कि विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम राज्य स्तर पर पांचवें स्थान पर रहा है, जो संस्थान की गुणवत्ता का प्रमाण है।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग पर आधारित गीतों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। इसके साथ ही रोली-पोली गीत और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, साइबर क्राइम और उसके दुरुपयोग पर भी प्रस्तुतियां दी गईं।
इस अवसर पर संतोष चौधरी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल, कैप्टेन नन्दन सिंह पंवार की स्मृति में प्रतिनिधि, वत्सला सती, ग्राम प्रधान मधु देवी (कुजासू), रिंकी देवी (हरिशंकर), सुनीता देवी (तमुण्डी) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रधान, महिला-पुरुष जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य, पूर्व ब्लॉक प्रमुख, पूर्व प्रधान तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथियों को माला एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन हर्षवर्धन चमोला और शिशुपाल सिंह बर्त्वाल ने संयुक्त रूप से किया।
