March 12, 2026

ऋतु खण्डूडी की पहल: जरूरतमंद बच्चों को विधानसभा सत्र देखने का मिला मौका

 

भराड़ीसैंण/गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में चल रहे बजट सत्र के तृतीय दिवस पर एक सराहनीय पहल करते हुए सुबेर सोसाइटी, गैरसैंण के 09 बच्चों को विधानसभा की कार्यवाही दिखाने का अवसर प्रदान किया।

इस अवसर पर बच्चों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और जाना कि किस प्रकार जनप्रतिनिधि सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं तथा प्रदेश के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने सुबेर सोसाइटी के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले लगभग ढाई वर्षों से यह संस्था आसपास के क्षेत्रों के अनाथ और जरूरतमंद बच्चों की जिम्मेदारी लेते हुए उनकी शिक्षा तथा देखभाल का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था बच्चों के आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में भी सहयोग करती है, जिससे उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि वात्सल्य योजना के माध्यम से बच्चों के खातों में प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्राप्त होती है, जिससे उनकी शिक्षा और देखभाल में सहायता मिलती है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बच्चों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि उनमें जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित हो सके।

इस अवसर पर सुबेर सोसाइटी के अध्यक्ष एडवोकेट नवीन प्रकाश ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी इस पहल से बच्चों को विधानसभा परिसर में चल रहे बजट सत्र की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और यह अनुभव उनके भविष्य के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!