राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर राजकीय जूनियर हाईस्कूल बैनोली में विज्ञान प्रदर्शनी व बाल विकास मेला आयोजित
चमोली जनपद के विकासखंड कर्णप्रयाग स्थित राजकीय जूनियर हाईस्कूल बैनोली में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी एवं बाल विकास मेला धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी तथा जिला पंचायत सदस्य जाख रेखा बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने विद्यालय भवन का निरीक्षण किया तथा छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। साथ ही सामाजिक विज्ञान एवं मानचित्र प्रतियोगिता वर्ष 2026 के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी ने बच्चों के नवाचार और वैज्ञानिक सोच की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों की प्रतिभा देखकर वह अत्यंत प्रसन्न हैं और भविष्य में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता टीका प्रसाद मैखुरी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में लोग सरकारी स्कूलों को प्राथमिकता नहीं देते, लेकिन जूनियर हाईस्कूल बैनोली ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर इस धारणा को गलत साबित किया है।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री मुकेश ने बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने छात्रों द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से यह मिथक टूटता है कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं होता।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र चौहान और कार्यक्रम संयोजक विकास कोठियाल ने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी के लिए विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है तथा विज्ञान शिक्षक उनके मॉडल तैयार करने में मार्गदर्शन करते हैं।
प्रदर्शनी में छात्रों ने एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें मोबाइल फोन से पानी खोलने और बंद करने वाला मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। छात्रा रूबी और अंशु ने बताया कि शिक्षकों के प्रोत्साहन से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और भविष्य में वे ऐसे नवाचारों को रोजगार का माध्यम भी बना सकते हैं।
कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बैनोली के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली बच्चे, महिला मंगल दल बैनोली सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
