October 24, 2026

सैरा मालकोटी में गुलदार का आतंक, गोशाला में घुसकर 7 बकरियां मारीं, 7 लापता

0
IMG-20260131-WA0004

चमोली जनपद के पोखरी विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम सभा सैरा मालकोटी में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात गुलदार ने एक परिवार की आजीविका पर गहरा संकट खड़ा कर दिया।
ग्राम सभा सैरा मालकोटी निवासी  राजपाल सिंह रावत की गोशाला में देर रात गुलदार घुस आया। इस दौरान गुलदार ने गोशाला में बंधी सात बकरियों को मार डाला, जबकि सात बकरियां अभी तक लापता बताई जा रही हैं। सुबह जब परिवार के लोग गोशाला पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। गोशाला में कई बकरियां मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि कुछ बकरियों के केवल अवशेष ही मिले।


घटना की सूचना मिलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोग रात के समय अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। पशुपालकों में भय का माहौल है, क्योंकि बकरियां ही उनकी आय का मुख्य साधन हैं।
पीड़ित पशुपालक राजपाल सिंह रावत ने वन विभाग से मुआवजा दिए जाने और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए जाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी वन विभाग से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग शीघ्र क्षेत्र में गश्त बढ़ाएगा और गुलदार के आतंक से निजात दिलाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल