गौचर में पांच दिवसीय भारत स्काउट एवं गाइड तृतीय सोपान जांच परीक्षा शिविर संपन्न

गौचर में पांच दिवसीय भारत स्काउट एवं गाइड तृतीय सोपान जांच परीक्षा शिविर संपन्न
284 स्काउट एवं गाइड ने लिया प्रतिभाग, प्रशिक्षकों ने दी आवश्यक जानकारी
गौचर (चमोली)। जनपद चमोली के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गौचर में आयोजित पांच दिवसीय भारत स्काउट एवं गाइड तृतीय सोपान जांच परीक्षा शिविर का समापन हो गया। शिविर में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 284 स्काउट एवं गाइड ने प्रतिभाग कर तृतीय सोपान की जांच परीक्षा में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। इनमें 218 स्काउट और 66 गाइड शामिल रहे।
पांच दिवसीय शिविर का उद्देश्य स्काउट एवं गाइड को अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में कार्य करने के लिए तैयार करना रहा। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और आवश्यक कौशलों की जानकारी दी गई। इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ ही उन्हें समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।


शिविर में प्रतिभाग करने वाले स्काउट एवं गाइड की तृतीय सोपान से संबंधित दक्षताओं का परीक्षण किया गया। जांच परीक्षा के माध्यम से उनके प्रशिक्षण, अनुशासन, कार्यकुशलता और स्काउटिंग गतिविधियों के प्रति समझ का आकलन किया गया।
कार्यक्रम में जिला सचिव राजेंद्र सिंह कंडारी, डीटीसी गाइड पुष्पा कनवासी, गाइड कैप्टन अरुणा डंगवाल, जिला कमिश्नर दीपक पुंडीर, जिला संगठन आयुक्त चमोली भरत सिंह नेगी तथा जिला प्रशिक्षण आयुक्त चमोली महेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में प्रशिक्षक उमेद लाल आर्य, केदार पंखोली, लक्ष्मी नेगी, विनोद कनियाल और राकेश रोधियाल ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके अतिरिक्त पूर्व क्वार्टर मास्टर जे.एल. आर्य और स्काउट मास्टर मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।
शिविर के सफल आयोजन में जिला संगठन के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के समापन के साथ ही प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी और अनुभवों को अपने विद्यालयों एवं सामाजिक गतिविधियों में उपयोग करने का संकल्प लिया।
