चमोली में महिलाओं की पहल, सिमखोली गांव में सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पर रोक
(पोखरी) शराब के नशे से समाज में फैल रही विसंगतियों से पहाड़ की महिलाएँ खासे परेशान हैं, लिहाजा अब पहाड़ी जनपदों के सैकड़ों गांवों में महिला मंगल दलों के द्वारा सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसी क्रम में चमोली जनपद के विकासखण्ड पोखरी, ग्राम पंचायत सिमखोली की महिला मंगल दल की महिलाओं ने ग्राम सभा में एक बैठक कर सार्वजनिक कार्यक्रम (शादी, मुंडन, पितृकार्य, धार्मिक आदि) में पूर्ण शराबबंदी का फैसला लिया है।
ग्राम पंचायत सिमखोली की महिला मंगल दल की अध्यक्ष संगीता देवी ने बताया कि महिला शक्ति द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि अब किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शराब नहीं परोसी जाएगी। यदि कोई ग्रामीण इसका उल्लंघन करेगा तो उस पर 21,000 रुपये का जुर्माना लिया जाएगा। साथ ही यदि कोई ग्रामीण व्यक्ति शराब पीकर सार्वजनिक कार्यक्रम में बाधा पहुँचाएगा, उस पर 1,100 रुपये का जुर्माना होगा। जबकि बाहरी व्यक्ति द्वारा शराब पीकर हुड़दंग मचाने पर 2,100 रुपये का जुर्माना होगा। महिला शक्ति द्वारा यह भी निर्णय लिया गया कि पेंशनधारियों द्वारा सार्वजनिक कार्य हेतु शराब नहीं दी जाएगी। अगर कोई व्यक्ति इस प्रकार का कार्य करता है तो उस पर भी 2,100 रुपये का जुर्माना होगा।
महिला शक्ति के इस खास फैसले से जहाँ ग्रामीणों में खुशी का माहौल है, वहीं पुलिस व प्रशासन ने भी इसकी सराहना की है।
बैठक के दौरान ग्राम प्रधान ईश्वर सिंह नेगी, महिला मंगल दल की अध्यक्ष संगीता देवी, कोषाध्यक्ष संगीता देवी, सक्रिय सदस्य कविता देवी, शशि देवी, अनिता देवी, गीता देवी, नीलम देवी, सरस्वती देवी, शीला देवी, पूनम देवी, मुन्नी देवी, विमला देवी, मुन्नी देवी, सोनिका देवी, जसोधा, कल्पेश्वरी, बंसती देवी, उमा देवी, शिवदेई देवी, सुशीला देवी, मंजू देवी, रीना देवी, सुषमा देवी, आरती देवी, तारा देवी, शशि देवी, संगीता देवी आदि मौजूद रहीं।
