THDC टनल में अचानक घुसा पानी, 18 मजदूर फंसे होने की सूचना, रेस्क्यू जारी
एचसीसी टनल में अचानक घुसा पानी, 18 मजदूर फंसे होने की सूचना; 7 को सुरक्षित निकाला गया
चमोली। जिले में एचसीसी (हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी) की टनल में अचानक पानी का तेज बहाव आने से बड़ा हादसा सामने आया है। टनल के अंदर काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के समय टनल के अंदर 18 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से 7 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि अब तक 7 मजदूरों को टनल से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से दो मजदूरों को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया है, जबकि अन्य के लिए मौके पर एंबुलेंस भेजी गई हैं।
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। टनल के अंदर अभी भी कुछ मजदूरों के फंसे होने की सूचना है। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
अचानक पानी के तेज बहाव के चलते टनल के भीतर स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें अंदर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हैं।
फिलहाल फंसे मजदूरों की सटीक संख्या, घायलों की स्थिति और घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
