September 22, 2026

कपकोट -शामा मोटर मार्ग पर खाई में गिरी वैगनार, महिला की मौत, चार घायल

 

बागेश्वर जिले के कपकोट-शामा मोटर मार्ग पर किरौली बेटोक के पास एक वैगनआर कार करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार वैगनआर कार संख्या डीएल 9 सीएवी 7286 शामा की ओर से आ रही थी। किरौली बेटोक के पास अचानक ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। वाहन में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कपकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस तीन घायलों को अपने वाहन से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लेकर पहुंची। अन्य घायल को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में कौशल्या देवी (48) पत्नी रमेश सिंह टोलिया, निवासी ग्राम सरमोली, मुनस्यारी, जिला पिथौरागढ़ की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!