मोली-रोइंठा के ग्रामीणों ने खुद उठाया सड़क निर्माण का बीड़ा, श्रमदान से शुरू किया काम।
आठ साल से कर रहे थे सड़क का इंतजार, गर्भवती महिला को रास्ते में देना पड़ा बच्चे को जन्म; ग्रामीणों ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी।
गौचर। पहाड़ के गांवों में सड़क आज भी विकास की सबसे बड़ी जरूरत बनी हुई है। कहीं ग्रामीण वर्षों से सड़क पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं तो कहीं सड़क की मांग को लेकर आंदोलन करने को मजबूर हैं। वहीं विकासखंड कर्णप्रयाग की ग्रामसभा मोली-रोइंठा के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन का इंतजार करने के बजाय खुद ही गांव तक सड़क पहुंचाने का बीड़ा उठा लिया है। ग्रामीणों की इस पहल ने सामूहिक एकजुटता और श्रमदान की मिसाल पेश की है।
गुरुवार को ग्राम प्रधान श्रीमती कुसुम देवी पुंडीर के नेतृत्व में महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विधिवत भूमि पूजन कर लगभग 3 किलोमीटर 200 मीटर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक अंदाज में गैती और फावड़े लेकर सड़क निर्माण कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की इस पहल ने शासन-प्रशासन के सामने भी सड़क सुविधा से वंचित गांवों की हकीकत उजागर की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले आठ वर्षों से गांव को सड़क से जोड़ने की मांग को लेकर शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो दिन पूर्व एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बना हुआ है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि अब वे केवल आश्वासनों के भरोसे नहीं बैठेंगे और अपने स्तर से सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने पर आगामी चुनावों के बहिष्कार की चेतावनी देते हुए ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ का नारा भी बुलंद किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान कुसुम देवी पुंडीर के साथ अवतार सिंह पुंडीर, दर्शन सिंह पुंडीर, यदुवीर सिंह पुंडीर, राजेन्द्र सिंह पुंडीर, कमला सिंह पुंडीर, जसपाल सिंह पुंडीर, रामा सिंह पुंडीर, दिनेश सिंह पुंडीर, शिशुपाल सिंह पुंडीर, लखपत सिंह रावत, सुखवीर सिंह पुंडीर, भूपेन्द्र सिंह पुंडीर, प्रदीप सिंह पुंडीर, सुरेन्द्र सिंह पुंडीर, मोहित सिंह पुंडीर, प्रवीन सिंह पुंडीर, उमेश सिंह पुंडीर, संजय सिंह पुंडीर, बीना देवी, ऊमा देवी, फागुनी देवी, देवेश्वरी देवी, मीरा देवी, चन्दन सिंह कठैत, कल्पेश्वरी देवी, मधु देवी, पंकज असवाल, ऊषा देवी, नीमा देवी, पुष्पा देवी, संगीता देवी, रोहिता, गणेशी देवी, दर्शनी देवी, गुड्डी देवी, आशीष रावत, देवेन्द्र सिंह रावत और नरेन्द्र सिंह पुंडीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
