गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांगी 40 लाख की सहायता
गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांगी 40 लाख की सहायता
देहरादून। गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था (पंजीकृत) ने अपने सामुदायिक भवन के विस्तार एवं निर्माण कार्य के लिए मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में संस्था ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद चमोली को एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में संस्था ने बताया कि क्लेमेंट टाउन स्थित गढ़कोथिक मेले के दौरान मुख्यमंत्री को पत्रावली के माध्यम से सामुदायिक भवन के प्रथम तल पर कुछ कमरों तथा उसके ऊपर टिन शेड निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया गया था। संस्था का कहना है कि इस निर्माण से क्षेत्र के लोगों को विवाह, सामाजिक एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने में बेहतर सुविधा मिलेगी।
संस्था के अनुसार प्रस्तावित निर्माण कार्य के लिए लगभग 35 से 40 लाख रुपये की आवश्यकता है। संस्था ने विधायक से अनुरोध किया है कि वे मुख्यमंत्री स्तर पर इस राशि की स्वीकृति दिलाने का प्रयास करें, ताकि सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके।
संस्था ने विश्वास जताया है कि सरकार से सहयोग मिलने पर यह भवन क्षेत्र के लोगों के लिए एक उपयोगी सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
