July 16, 2026

सैनिक बेटे राहुल ने फतह की एवरेस्ट चोटी,सेरा मालकोटी ग्राम पंचायत में खुशी का माहौल

 

चमोली जनपद के सेरा गांव के युवा सैनिक राहुल सिंह ने विश्व की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह कर क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। राहुल सिंह ने 8,848 मीटर ऊंची दुर्गम एवरेस्ट चोटी पर तिरंगा फहराकर अपनी साहसिक उपलब्धि दर्ज की। राहुल वर्तमान में भारतीय सेना की 9 पैरा यूनिट में तैनात हैं और एनएसजी का भी हिस्सा हैं।
वर्ष 2015 में भारतीय सेना में भर्ती हुए राहुल सिंह इससे पहले उत्तराखंड की 7075 मीटर ऊंची माउंट सतोपंथ चोटी को भी फतह कर चुके हैं। पिछले दो वर्षों से वह लगातार विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों में हिस्सा लेते रहे हैं। उन्होंने सेना में रहते हुए पर्वतारोहण का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। बीती 23 मई को राहुल और उनकी टीम ने माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर भारतीय तिरंगा लहराया।
राहुल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। राहुल के पिता कुंवर सिंह और माता मनोरमा देवी ने इसे अद्भुत साहस, अनुशासन और अटूट संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उनके बेटे ने कठिन परिश्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति से यह मुकाम हासिल किया है।
राहुल के पिता कुंवर सिंह ने इस अवसर पर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ विधानसभा के अंतर्गत आने वाला सेरा-मालकोटी गांव आज भी सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाया है, जबकि इस क्षेत्र के कई युवा सेना में सेवा देकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने शासन और प्रशासन से गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की।
राहुल सिंह की इस सफलता पर बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा सहित कई सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!