देवप्रयाग में छूटा यात्री का बैग, टैक्सी चालक बलबीर चौधरी ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
श्रीनगर। केदारनाथ यात्रा पर निकले दिल्ली निवासी यात्री का देवप्रयाग के आसपास बैग छूट गया। बैग में करीब 3,500 रुपये की नकदी समेत महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज रखे थे। बैग चमोली जिले के पोखरी विकासखंड निवासी टैक्सी चालक बलबीर सिंह चौधरी को मिला, जिन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग देवप्रयाग पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
श्रीनगर बाजार चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार के अनुसार, अंकित बजाज पुत्र अरविंद बजाज, निवासी सेक्टर-3, रोहिणी, दिल्ली केदारनाथ यात्रा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान देवप्रयाग के आसपास उनका बैग कहीं छूट गया। बैग मिलने पर टैक्सी चालक बलबीर चौधरी ने उसमें मौजूद दस्तावेजों के आधार पर यात्री तक पहुंचने का प्रयास किया और बाद में बैग पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बैग में मिले दस्तावेजों के आधार पर यात्री की पहचान कर उनसे संपर्क किया। उस समय यात्री धारी देवी मंदिर के पास थे। पुलिस के बुलावे पर वह श्रीनगर बाजार चौकी पहुंचे, जहां पुलिस ने उनके बैग में मौजूद करीब 3,500 रुपये की नकदी और सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिए।
सामान वापस मिलने पर यात्री अंकित बजाज ने टैक्सी चालक बलबीर चौधरी और पुलिस का आभार जताया। टैक्सी चालक द्वारा दिखाई गई ईमानदारी और पुलिस की तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
