250 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, जिला स्तरीय शरदकालीन खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
गौचर (चमोली)। सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय शरदकालीन खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता का आयोजन गौचर खेल मैदान और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गौचर में किया गया।
प्रतियोगिता में चमोली जिले के सभी नौ विकासखंडों के माध्यमिक विद्यालयों से 250 से अधिक बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी और वॉलीबाल सहित विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभाग कर सकेंगे।
व्यायाम शिक्षक अवतार सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित होती है।
प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने कहा कि ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक आयोजित प्रतियोगिताओं से उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों को सराहनीय बताया।
