ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलटी रोडवेज की टेंपो ट्रैवलर, 17 यात्री घायल





गलोगीधार के पास हादसा, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा; एक यात्री को गंभीर चोट
मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगीधार के पास उत्तराखंड परिवहन निगम की टेंपो ट्रैवलर के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित वाहन को खाई में जाने से बचाने के लिए चालक ने उसे पहाड़ की ओर मोड़ दिया। पहाड़ से टकराने के बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन सवार 17 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। टेंपो ट्रैवलर को सड़क पर पलटा देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालक रुक गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

टेंपो ट्रैवलर चालक के अनुसार, मसूरी से देहरादून की ओर जाते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण स्थिति बिगड़ने लगी। इसके बाद चालक ने वाहन को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए पहाड़ की तरफ मोड़ दिया। पहाड़ से टकराने के बाद वाहन पलट गया।
चालक ने बताया कि यदि वाहन को पहाड़ की ओर नहीं मोड़ा जाता और वह खाई की ओर चला जाता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। वहीं, एक यात्री ने बताया कि यात्रा सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक वाहन पलट गया। यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वाहन के अंदर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
मसूरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
