आकाशीय बिजली गिरने से 500 बकरियों की मौत, पशुपालकों को लाखों का नुकसान
चमोली जनपद के दशौली विकासखंड अंतर्गत गौणा-भनाली (बोन्धार तोक) क्षेत्र में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में लगभग 500 बकरियों की मौत हो गई, जबकि दो भेड़पालक घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में राकेश सिंह, हुकम सिंह और मदन लाल समेत एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की बकरियां आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि सभी पशुपालकों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पशुपालन पर निर्भर इन परिवारों के सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
घटना में घायल हुए दो भेड़पालकों को स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को शीघ्र आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा क्षेत्र के पशुपालकों के लिए गहरा आघात है और सरकार को तत्काल राहत पहुंचानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को सहारा मिल सके।
