September 20, 2026

दिनदहाड़े गुलदार का हमला, युवक ने बहादुरी से बचाई जान

पोखरी/चमोली। उत्तराखंड में बढ़ती वनाग्नि की घटनाएं अब ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नई परेशानी बनती जा रही हैं। जंगलों में आग लगने से वन्यजीव लगातार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे मवेशियों और लोगों पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं। ताजा मामला चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड के रौता ग्राम पंचायत से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े गुलदार ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार मोहित सिंह (29) पुत्र शिशुपाल सिंह अपने साथियों के साथ गांव के पास किसी कार्य से जा रहे थे। तभी अचानक झाड़ियों से निकले गुलदार ने मोहित सिंह पर हमला कर दिया। मोहित सिंह ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए गुलदार से भिड़कर अपनी जान बचाई। इस दौरान उनके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।

हमले में मोहित सिंह के हाथ बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रौता में प्राथमिक उपचार देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया।

ग्राम प्रधान सेरा मालकोटी राजेश भंडारी ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक कई मवेशियों को गुलदार अपना शिकार बना चुका है और अब इंसानों पर भी हमला कर रहा है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए गुलदार को पकड़ने या पिंजरा लगाने की मांग की है।

घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!