नारायणबगड़ में इंटरसेप्टर वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को मारी टक्कर, दोनों गंभीर घायल
नारायणबगड़ में इंटरसेप्टर वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को मारी टक्कर, दोनों गंभीर घायल
कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर नारायणबगड़ के पंती बाजार में बुधवार दोपहर इंटरसेप्टर वाहन और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार यूपीसीएल के दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे यूपीसीएल उपखंड पंती के दो कर्मचारी खाना खाने के बाद स्कूटी से वापस कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान थराली की ओर से कर्णप्रयाग की तरफ आ रहे इंटरसेप्टर वाहन ने एसजीआरआर परिसर के समीप स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों स्कूटी सवार उछलकर इंटरसेप्टर वाहन के आगे के शीशे तक जा पहुंचे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और यात्रियों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने इंटरसेप्टर वाहन के गलत दिशा में आने और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठाए। हालांकि स्थानीय लोगों ने संयम का परिचय देते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
बताया गया कि हादसे के दौरान इंटरसेप्टर वाहन में आरटीओ या एआरटीओ मौजूद नहीं थे। आईटीओ कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी अजय नौडियाल तथा संबंधित विभाग की पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी। प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि वाहन थराली से कर्णप्रयाग की ओर जा रहा था और अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गया।
घटना के बाद मामले में बढ़ती गर्माहट को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों को मौके पर बुलाकर स्थिति को संभाला। हादसे की जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही है।
