ढोल-दमाऊ की गूंज और गढ़वाली संस्कृति की छटा के बीच पांच दिवसीय गढ़ कौथिग का भव्य शुभारंभ
विधायक विनोद चमोली ने किया मेले का उद्घाटन, मां नन्दा राजजात यात्रा की प्रस्तुति और पांडव नृत्य ने मोहा दर्शकों का मन; 94 वर्षीय पूर्व सैनिक के जोश और जज्बे ने बटोरी सराहना।
देहरादून। क्लेमेनटाउन स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर, वेल रोड में गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था की ओर से आयोजित पांच दिवसीय गढ़ कौथिग का शुभारंभ गढ़वाल की पारंपरिक रीति-रिवाजों और ढोल-दमाऊ की गूंज के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान संस्था के सम्मानित सदस्यों सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत, महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी, मेला अधिकारी दुर्गा प्रसाद बड़ोनी, संरक्षक कर्नल हीरा मणि बर्थवाल, रघुनंदन सिंह रावत, जयपाल सिंह रावत, सुंदर लाल सेमवाल, उमराव सिंह गुसाईं, अभिषेक परमार, आरसीएस रावत, कैप्टन आलम सिंह भंडारी, वाचस्पति बिडालिया, राजपाल सिंह नेगी, ओपी बहुगुणा, जितेंद्र खंतवाल, लक्ष्मी सेमवाल, सुबोध नौटियाल, जसवंत सिंह नेगी,पत्रकार भानु प्रकाश नेगी, अशोक सुन्दरियाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर जयपाल सिंह रावत और सांस्कृतिक सचिव पूनम ममगाईं ने किया। इस दौरान विधायक विनोद चमोली ने संस्था के पूर्व संस्थापकों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं संस्था के संरक्षक, अध्यक्ष एवं महासचिव ने मुख्य अतिथि विधायक विनोद चमोली को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत पूनम ममगाईं के नेतृत्व में गढ़वाल की प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान श्री मां नन्दा राजजात यात्रा की मनमोहक प्रस्तुति से हुई। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक परंपराओं और लोकसंस्कृति से रूबरू कराया।
गढ़ कौथिग में लगे विभिन्न प्रकार के झूले और पहाड़ी खानपान के स्टाल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में पहुंचे लोगों ने भुटुवा, कचमोली, मंडुवे की रोटी और मोटे अनाज से तैयार पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का जमकर आनंद लिया।
मेले के सांध्यकालीन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शामिल हुए। इस दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। ‘मेरी जन्मभूमि हिमालय की गोदी’ की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं 94 वर्षीय पूर्व सैनिक सूबेदार खुशहाल सिंह बिष्ट ने उम्र के इस पड़ाव में भी अपने जोश और जज्बे से सभी को प्रभावित किया। गढ़वाली बोली में उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने खूब सराहना की।

इसके साथ ही पांडव नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आरोही ग्रुप के बालकृष्ण धस्माना और अंजू बिष्ट ने गढ़वाली गीतों ‘मेरी चदरी छुट गै’, ‘फ्यूंली बोलो ये बुरांश बोलो’ और ‘तू दिख्यादि जन जुनेली’ की प्रस्तुति देकर माहौल को लोकगीतों की मिठास से सराबोर कर दिया। इन प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक झूमते रहे।
पांच दिवसीय गढ़ कौथिग के शुभारंभ ने एक बार फिर देहरादून में गढ़वाली लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, लोकगीत, लोकनृत्य और धार्मिक परंपराओं को सहेजने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।
