November 1, 2026

वीर भूमियाल बजीर देवता की भव्य दिवरा यात्रा का हुआ शुभारंभ,क्षेत्र में उत्सव का माहौल

0
bajeer dewata

 

चमोली/गोपेश्वरः अनोखी परम्पराओं रीति रिवाजों व विशेष सांस्कृतिक धरोहरों के लिए देश व दुनियां में विख्यात उत्तराखंड अपनी अलग पहचान रखता है। यह पवित्र-पावन भूमि देवभूमि व वीरभूमि के नाम से भी प्रसिद्व है।यहां देवी व देवता अपने भक्तों को आशीर्वाद देने व धियाणियों की कुसल क्षेम जानने के लिए समय-समय पर मंदिर गर्भगृह से बाहर निकलकर घर घर जाते है।इसी क्रम में जनपद चमोली के दशोली व्लाक स्थित देवर खडोरा गांव में क्षेत्र के आराध्य देव वीर भूमियाल बजीर देवता की दिवरा यात्रा का भव्य शुभारंभ हो गया है।
विजयादशमी के पावन पर्व पर रात्रि सवा आठ बजे विधि विधान के साथ वीर बजीर देवता को गर्भगृह से बाहर लाया गया।उसके बाद बजीर देवता के बह्रम पर देव शक्तियों चढाई गई और ब्रहमडोली तैयार की गई। गर्भगृह से बाहर निकलने के बाद सबसे पहले भनतोली खडोरा गांव में बीर बजीर देवता का आगमन हुआ। दिवरा यात्रा समिति ने बताया कि यहां रात्रि विश्राम के बाद बजीर देवता अपने मायेक गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर में भेंट के लिए जायेंगे इसके बाद रौली,देवर और फिर खडोरा गांव में 10 अक्टूबर को वापस पंहुचेंगे जहां 18 तालों के साथ विधिविधान से पूजा अर्चना की जायेगी।
इसके बाद 11 अक्टूबर को बीर भूमियाल देवता बजीर रूद्रनाथ मिलन के लिए जायेंगे और यही से दिवरा यात्रा धियाणी गांवों के लिए प्रस्थान करेगी। 6 माह की दिवरा यात्रा समापन्न पर फाल्गुन माह में बजीर देवता अपने गर्भगृह में विधि विधान के पूजा अर्चना के बाद विराजमान होंगे।

आपको बता दें वीर भूमियाल बजीर देवता की दिवरायात्रा के शुभारंभ पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पधारी धियाणियों व भक्तों का भारी सैलाब खडोरागांव में लगा हुआ है। दिवरायात्रा के शुभारंभ पर जनपद चमोली समेत प्रदेश व देश के अनेक राज्यों से भी भक्तजन पधारें।दिवरा यात्रा के शुरू होने पर समूचे गोपेश्वर क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासी अपने आराध्य देव बीर भूमियाल बजीर देवता का अपने घर पर आगमन के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहें है।
दिवरा यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर जय बजीर देवता समिति देवर खडोरा रौली के अध्यक्ष चन्द्र सिंह पंवार,सचिव विक्रम सिंह बिष्ट,कोषाध्यक्ष केश्वानंद भट्ट,पुजारी रणजीत सिंह बिष्ट,पश्वा गजेन्द्र सिंह बिष्ट,महिला मंगलदल अध्यक्ष बबली देवी बिष्ट,समाजसेवी शिक्षक हरेन्द्र बिष्ट व दिवरा यात्रा समिति के मीडिया प्रभारी सूरज सिंह रौतेला जस्सू समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

-भानु प्रकाश नेगी,हिमवंत प्रदेश न्यूज, गोपेश्वर चमोली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल