September 18, 2026

नवरात्रि में देवी मंदिरों में उमड़ी आस्था, भक्तिमय हुआ पोखरी क्षेत्र का वातावरण

पोखरी (चमोली):
नवरात्रि पर्व के अवसर पर पोखरी क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का माहौल चरम पर है। क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों के चलते पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना लेकर मंदिरों में पहुंच रहे हैं।

दक्षिण काली मंदिर वल्ली में देवी पूजन के साथ-साथ देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। वहीं राजराजेश्वरी मंदिर, नागनाथ गढ़ी में देवर एवं देवस्थान क्षेत्र के ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में नवरात्रि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यहां नौ देवियों के विभिन्न स्वरूपों की विधिवत पूजा की जा रही है। अष्टमी के अवसर पर महागौरी की पूजा विशेष रूप से संपन्न हुई।
नागनाथ गढ़ी में धार्मिक श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटक भी प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। यह क्षेत्र तीर्थाटन के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बनता जा रहा है, जिसे और विकसित किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


इस दौरान क्षेत्रीय विधायक लखपत बुटोला एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी ने दक्षिण काली मंदिर वल्ली और नागनाथ गढ़ी पहुंचकर देवी दर्शन किए तथा क्षेत्र के विकास के लिए इसे तीर्थ एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
उधर, दुग्धखंबेश्वरी मंदिर में स्थानीय ग्रामीण महिलाओं द्वारा पूजा-अर्चना के उपरांत भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि, मंदिर परिसर में कुछ असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आई हैं। स्थानीय श्रद्धालु गीता देवी एवं संतोषी देवी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग पिकनिक मनाने के नाम पर मंदिर की पवित्रता भंग कर रहे हैं।
इस संबंध में एक वीडियो वायरल होने के बाद थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत ने पुलिस को सतर्क करते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखी जा सके।

Spread the love
error: Content is protected !!