November 5, 2026

शराबी बस चालक ने यात्रियों की जान से खेला, चमोली पुलिस ने दबोचा।

0
IMG-20250820-WA0047

 

चमोली। बद्रीनाथ हाईवे पर यात्रियों की जान उस समय संकट में आ गई जब नंदा देवी एक्सप्रेस बस का चालक नशे में धुत होकर बस चलाने लगा। बस खाई की ओर लुढ़कने लगी तो यात्रियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते लोग बस से कूदकर बाहर निकल आए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला 19 अगस्त 2025 का है। सोनप्रयाग से बद्रीनाथ जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस बस में करीब 36 यात्री सवार थे। बस चालक अशोक कुमार पुत्र संत राम, निवासी कलेश्वर उमट्टा (कर्णप्रयाग) ने हनुमानचट्टी के पास बस रोककर कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पी। नशे में उसने लापरवाही से बस चलाना शुरू किया। कुछ ही देर बाद बस कभी दाएँ तो कभी बाएँ झूलने लगी। यात्रियों की सांसें अटक गईं।

बद्रीनाथ से लगभग 5 किलोमीटर पहले बस अनियंत्रित होकर खाई की ओर सरकने लगी। घबराए यात्री तत्काल बस से कूद गए और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इस बीच चालक बस को खाई के मुहाने पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही थाना बद्रीनाथ पुलिस के कांस्टेबल सरदार सिंह, विकास जुयाल और गौरव रावत मौके पर पहुँचे और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में पुलिस ने चालक को दबोच लिया। मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बस को एम.वी. एक्ट के तहत सीज कर दिया है और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु भेजा जा रहा है।

चमोली पुलिस की अपील
यात्रियों से अनुरोध है कि यदि कहीं कोई वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाता दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। आपकी सतर्कता से बड़ा हादसा टल सकता है और कई लोगों की जान बच सकती है।

—

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल