August 1, 2026

खेल मैदान पर पॉलीटेक्निक भवन निर्माण को लेकर बढ़ा विवाद, ग्रामीणों ने जताया विरोध

 

पोखरी। स्वर्गीय नरेंद्र सिंह भंडारी राजकीय पॉलीटेक्निक पोखरी की पारतोली उडामाण्डा में नव निर्मित भवन का कार्य जारी है, लेकिन दूसरी बिल्डिंग के निर्माण को लेकर सिनांउ वल्ला गांव के ग्रामीणों और पॉलीटेक्निक प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कॉलेज भवन निर्माण के लिए पूर्व में जो भूमि उपलब्ध कराई गई थी, प्रशासन उस स्थान पर निर्माण न कर पारतोली के खेल मैदान में जबरन दूसरी बिल्डिंग बनाने का प्रयास कर रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर पिछले एक माह से लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। बीते दिनों तहसीलदार पोखरी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था, जबकि उपजिलाधिकारी पोखरी अलकेश नोडियाल ने भी निर्माण स्थल का दौरा कर ग्रामीणों और कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधियों से वार्ता की। इस दौरान दोनों पक्षों ने अपना-अपना पक्ष प्रशासन के समक्ष रखा।

उपजिलाधिकारी अलकेश नोडियाल ने बताया कि पॉलीटेक्निक कॉलेज के दूसरे भवन निर्माण को लेकर ग्रामीणों और कॉलेज प्रशासन के साथ वार्ता की गई है। मौके के निरीक्षण के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।

वहीं ग्राम प्रधान सिनांउ वल्ला संतोषी देवी ने कहा कि कॉलेज भवन निर्माण के लिए पहले से निर्धारित भूमि उपलब्ध है, लेकिन प्रशासन क्षेत्र के एकमात्र खेल मैदान पर भवन बनाना चाहता है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मैदान में आसपास के गांवों की खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन होते हैं। साथ ही आपदा के समय भी यह मैदान अत्यंत उपयोगी साबित होता है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि कॉलेज प्रशासन को आवंटित भूमि पर ही भवन निर्माण किया जाए, ताकि खेल मैदान और वहां आयोजित होने वाली सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां सुरक्षित रह सकें।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!