सभासद विनीत रावत की खेल पहल से गौचर में पहली बार कबड्डी फेडरेशन चमोली के ट्रायल






सभासद विनीत रावत की खेल पहल से गौचर में पहली बार कबड्डी फेडरेशन चमोली के ट्रायल
गौचर। गौचर के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सभासद विनीत रावत की पहल रंग ला रही है। स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पहली बार गौचर में कबड्डी मैट उपलब्ध कराने की पहल के बाद अब गौचर मेला मैदान में कबड्डी फेडरेशन चमोली के जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए। बुधवार सुबह 10 बजे से हुए ट्रायल में गौचर सहित विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बालिका वर्ग में 8 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया, जबकि बालक वर्ग का परिणाम शीघ्र घोषित किया जाएगा। ट्रायल में खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की मौजूदगी को भी सामने रखा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौचर के Youth Icon एवं सभासद विनीत रावत रहे। युवाओं और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत विनीत रावत ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित संसाधन और मंच देने की है। इसी सोच के तहत उन्होंने स्थानीय खिलाड़ियों के लिए कबड्डी मैट उपलब्ध कराया, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर एवं सुरक्षित सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम की चयन एवं आयोजन प्रक्रिया में कोच अमित नेगी, कबड्डी फेडरेशन चमोली के सचिव मयंक भंडारी, अरमान कठैत एवं ऋतिक बिष्ट सहित चयन समिति और आयोजन टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

गौचर में पहली बार हुए इन ट्रायल से स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा पहुंचाने का अवसर मिला है। आयोजन को क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
