July 25, 2026

नौटी डाकघर में आधार कार्ड शिविर, 50 गांवों के 150 से अधिक लोगों को मिला लाभ

 

 

कर्णप्रयाग (नौटी),
दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को आधार संबंधी सेवाएं घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाक विभाग चमोली द्वारा विकासखंड कर्णप्रयाग के नौटी डाकघर में आधार कार्ड नामांकन एवं अपडेट शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आसपास के लगभग 50 गांवों के 150 से अधिक लोगों के नए आधार कार्ड बनाए गए तथा आधार में आवश्यक संशोधन और अपडेट की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

डाक निरीक्षक मनोज पंवार ने बताया कि भारतीय डाक विभाग को आधार नामांकन के लिए विशेष किट उपलब्ध कराई गई है। शिविर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों, स्कूली विद्यार्थियों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के आधार कार्ड बनाए और अपडेट किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को कर्णप्रयाग या गोपेश्वर जैसे शहरों तक नहीं जाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले आधार कार्ड बनवाने या संशोधन कराने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। गांव में शिविर लगने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सुविधा मिली है और विशेषकर बरसात के मौसम में यह पहल राहतभरी साबित हो रही है।

ग्रामीण सुभाष रावत और कैलाश नौटियाल ने कहा कि ऐसे शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सहूलियत मिल रही है। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से इस तरह के शिविर आयोजित करने की मांग की।

डाक विभाग का कहना है कि गांव स्तर पर आयोजित आधार शिविरों से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी और डिजिटल पहचान से जुड़ी सेवाएं भी अधिक सुलभ हो सकेंगी।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!