August 9, 2026

पोखरी:सेल्फी लेते समय युवक खाई में गिरा

सेल्फी लेते समय युवक खाई में गिरा,

पुलिस ने सकुशल किया रेस्क्यू

पोखरी। गुनियालाधार सड़क मार्ग पर सेल्फी लेते समय एक युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही पोखरी थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कॉलर रवि जोशी पुत्र सुरेश चंद्र जोशी निवासी बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल ने पुलिस को सूचना दी कि उनका दोस्त कुशाल सिंह भंडारी पुत्र चंदन सिंह भंडारी निवासी बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल गुनियालाधार सड़क किनारे सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खाई में गिर गया।

सूचना पर पोखरी थाना से अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह, चीता मोबाइल हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह पुलिस बल एवं आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल युवक को सकुशल बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया।

इसके बाद घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया गया। युवक के मुंह और सिर पर हल्की चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

Spread the love
error: Content is protected !!