पोखरी, भानु प्रकाश नेगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत सभी सरकारी विद्यालयों में सप्ताह के अंतिम दिन बैगलेस डे घोषित किया गया है। इसका उद्देश्य स्कूली बच्चों की कला और प्रतिभा को निखारकर उन्हें भविष्य में रोजगार से जोड़ना है। इसी क्रम में चमोली जनपद के पोखरी ब्लॉक स्थित राजकीय जूनियर हाईस्कूल वीणा की सहायक अध्यापिका एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित कुशुमलता गड़िया तथा राजकीय इंटर कॉलेज आली की सहायक अध्यापिका लता कोहली द्वारा ब्लॉक स्तर पर कौशलम के तहत हस्तशिल्प कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में 10 विद्यालयों के 20 शिक्षक-शिक्षिकाओं और 30 स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को वॉल पेंटिंग, हस्तशिल्प, कठपुतली कला, ऐपण कला सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम समन्वयक कुशुमलता गड़िया एवं उप समन्वयक लता कोहली ने बताया कि उन्होंने सीसीआरटी के तहत मध्यप्रदेश में प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उसी अनुभव के आधार पर पोखरी ब्लॉक के अध्यापकों और बच्चों को इस कार्यशाला में शामिल किया गया, जहां सभी ने एक-दूसरे के कौशल और अनुभव साझा किए।
कार्यशाला के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी पोखरी सोहन सिंह रांगड़ उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार हस्तशिल्प और कलाकृतियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की बनाई कलाकृतियां आकर्षक हैं और यह पहल भविष्य में रोजगार सृजन के साथ बच्चों को प्रोत्साहित करेगी।
उपखंड शिक्षा अधिकारी विनोद सिंह मटूड़ा ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 में इस बात पर जोर दिया गया है कि बच्चे आगे चलकर नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। यह कार्यशाला उसी दिशा में बढ़ता एक सकारात्मक कदम है।
कार्यशाला में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्र गौरव कुमार ने कहा कि यह कार्यशाला उनकी प्रतिभा को निखार रही है। वहीं छात्राओं अंचल और साक्षी ने बताया कि उन्हें इस कार्यशाला में बहुत कुछ सीखने को मिला।
हस्तशिल्प कार्यशाला में बच्चों को प्रशिक्षण देने के लिए विशेष मास्टर ट्रेनरों को बुलाया गया। मास्टर ट्रेनर करिश्मा ने कहा कि अपनी कला साझा कर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह उनके रोजगार का माध्यम बना है और वे चाहती हैं कि स्कूली बच्चे भी अपने हुनर से रोजगार प्राप्त करें।
कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी शिव सिंह रावत, नेहा भट्ट, आशुतोष डिमरी, शांति स्वरूप, पुष्पा नेगी, रूचि बिष्ट, बनीता रावत, समीर कांत, रमा किमोठी, विनोद रौतेला, वीणा पाणी रावत, प्रेम सिंह चौधरी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रेखा पटवाल राणा और राकेश त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से किया।