June 23, 2026

सीएम धामी ने धारचूला पंहुचकर आपदा से हुए नुकसान का लिया जायजा

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पिथौरागढ़ का भ्रमण कर तहसील धारचूला पंहुचकर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। जहां उन्होंने आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी।  साथ ही उन्होंने आपदा प्रभावितों को राहत राशि के चैक भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री द्वारा तहसील धारचूला मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत,पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण के कार्यों को तेजी से करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी पिथौरागढ़ ने अवगत कराया कि विगत दिनों हुई भारी वर्षा से जनपद में कुल 105 सड़कें बंद हो गई थी। जिसमें से 66 सड़कों को यातायात हेतु खोल दिया गया है शीघ्र ही सभी सड़कों को यातापात हेतु खोल दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में उच्च हिमालयी क्षेत्र में फसे लगभग 120 पर्यटकों को हैलीकॉप्टर के सुरक्षित निकाल लिया गया है। इसके अतिरिक्त 108 क्षतिग्रस्त पेयजल लाईनों में से 87 लाईनों को अस्थाई रूप से सुचारू कर दिया गया है, भारी वर्षा से जिले के कुल 580 गाँवों में विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई थी जिसमें से 559 गाँवों में विद्युत व्यवस्था सुचारू कर दी गई है।

बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री एवं सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों आदि के द्वारा सभी दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा तहसील पिथौरागढ़ के ग्राम सटगल निवासी भगवान राम तथा छाना पांडेय निवासी निर्मला पांडेय को क्रमशः 48 हजार तथा 39 हजार 900 रुपये के चेक वितरित किए गए। बैठक के उपरांत माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जनता की समस्याएं भी सुनी।इस दौरान उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर प्रदेश में अलर्ट जारी करते हुए सभी पूर्व तैयारियां की गई जिस कारण प्रदेश में हुई इस भीषण वर्षा में जनहानि को कम कर पाए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पुनर्निर्माण के कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे, इस हेतु तेजी से कार्य किया जा रहा है।

 

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!