33 प्रतिशत महिला आरक्षण पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
33 प्रतिशत महिला आरक्षण पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
गौचर। भाजपा महिला मोर्चा की चमोली जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इस फैसले से महिलाओं को राजनीति के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिलेगा।
रविवार को प्रेस क्लब गौचर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पवित्रा बिष्ट ने पूरे चमोली जनपद की मातृशक्ति की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा, जिससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि एक महिला न केवल अपने परिवार को सशक्त बनाती है, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आज महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। वहीं, 33 प्रतिशत आरक्षण से उन्हें राजनीतिक क्षेत्र में भी नेतृत्व करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
पवित्रा बिष्ट ने कहा कि इस निर्णय से महिलाओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अब महिलाएं भी राजनीति में आगे बढ़कर देश और समाज के विकास में अपना योगदान दे सकेंगी। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार जताया।
इस दौरान उन्होंने चमोली जनपद की महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति से आह्वान किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, उनका लाभ उठाएं और पूरी ऊर्जा व आत्मविश्वास के साथ अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनकर समाज के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा जिलासू मंडल अध्यक्ष काजल भंडारी, गौचर मंडल अध्यक्ष सरोजनी भंडारी और मंडल उपाध्यक्ष जयंती बिष्ट मौजूद रहीं।
