लोहाजंग मेले में लोक संस्कृति का रंगारंग संगम, महिला मंगल दलों की प्रस्तुतियों ने बांधा समा।
चमोली जनपद के दूरस्थ विकासखंड देवाल के लोहाजंग में आयोजित 11वें पूर्व विधायक स्वर्गीय शेर सिंह दानू स्मृति सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास मेले के तीसरे दिन लोक संस्कृति और परंपराओं की शानदार छटा देखने को मिल रही है। मेले में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंची महिला मंगल दलों की महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से महिलाओं ने जहां पहाड़ की समृद्ध लोक विरासत को जीवंत किया, वहीं सामाजिक कुरीतियों पर भी कड़ा प्रहार किया।
मेले के आयोजन को लेकर मेला समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूर्व विधायक स्वर्गीय शेर सिंह दानू और उनके पिता स्वर्गीय देव सिंह दानू की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय देव सिंह दानू का नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज से जुड़ाव रहा और वे उनके सलाहकार थे। साथ ही मेले के माध्यम से क्षेत्र की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना भी समिति का प्रमुख उद्देश्य है।
इंद्र सिंह राणा, अध्यक्ष, स्वर्गीय शेर सिंह दानू स्मृति मेला समिति
इस अवसर पर स्वर्गीय देव सिंह दानू के पुत्र एडवोकेट प्रेम सिंह दानू भी मेले में पहुंचे और मेला समिति का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने पिता के जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एक संत की तरह सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के विकास में मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ विकास की रीढ़ साबित होते हैं। उन्होंने मेला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
प्रेम सिंह दानू स्वर्गीय देव सिंह दानू के पुत्र
मेले के दौरान मेला समिति की ओर से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान लोगों को सम्मानित भी किया जा रहा है। इसी क्रम में ल्वाणी गांव के प्रसिद्ध मत्स्य पालक मोहन सिंह बिष्ट को मत्स्य पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
वही मोहन सिंह बिष्ट ने मेला समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से उन्हें अपने कार्य को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने की नई प्रेरणा और ऊर्जा मिलेगी।
मोहन सिंह बिष्ट, मत्स्य पालक।
