November 24, 2026

डिजिटल दौर में अंतर्देशीय पत्र से बेटे की शादी का न्योता, पुरानी चिट्ठियों की यादें कीं ताजा

0
IMG-20261124-WA0028

 

बिरही के होटल व्यवसायी तोरेंद्र प्रसाद थपल्याल की अनूठी पहल बनी चर्चा का विषय, डाक विभाग ने भी की सराहना

गोपेश्वर। आधुनिक दौर में जहां शादी-विवाह के निमंत्रण डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए भेजे जा रहे हैं, वहीं चमोली जनपद के बिरही निवासी होटल व्यवसायी तोरेंद्र प्रसाद थपलियाल ने अपनी अनूठी पहल से चिट्ठियों के पुराने दौर की यादें ताजा कर दी हैं। उन्होंने अपने बेटे के विवाह का निमंत्रण पत्र किसी आधुनिक कार्ड पर छपवाने के बजाय डाक विभाग के कभी बेहद लोकप्रिय रहे अंतर्देशीय पत्र पर प्रकाशित करवाया है। उनकी यह पहल न केवल अनूठी है, बल्कि नई पीढ़ी को पुराने समय की डाक परंपरा और चिट्ठियों से जुड़े भावनात्मक रिश्तों का संदेश भी दे रही है।

खास बात यह है कि तारेंद्र प्रसाद थपलियाल इससे पहले भी अपने एक बेटे के विवाह का निमंत्रण अंतर्देशीय पत्र के माध्यम से ही रिश्तेदारों और परिचितों को भेज चुके हैं। एक बार फिर उन्होंने इसी परंपरा को अपनाकर यह साबित किया है कि आधुनिकता के दौर में भी पुराने तौर-तरीकों की अपनी अलग पहचान और अहमियत बनी हुई है।

]

उनकी इस पहल की डाक विभाग गोपेश्वर के डाक अधीक्षक अजय कुमार ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अंतर्देशीय पत्र का प्रचलन काफी कम हो गया है, जबकि एक दौर ऐसा भी था जब चिट्ठियां लोगों के बीच संवाद और भावनात्मक जुड़ाव का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम हुआ करती थीं। डाकिया जब किसी के घर चिट्ठी लेकर पहुंचता था तो उसे पढ़ने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहता था। चिट्ठियों के माध्यम से दूर बैठे परिजनों, रिश्तेदारों और मित्रों के सुख-दुख की खबरें एक-दूसरे तक पहुंचती थीं।

डाक अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि तारेंद्र प्रसाद थपलियाल ने विवाह निमंत्रण के लिए अंतर्देशीय पत्र का इस्तेमाल कर उस पुरानी परंपरा को फिर से जीवंत करने का सराहनीय प्रयास किया है। उनकी यह पहल समाज को भी एक सकारात्मक संदेश देती है।

आज जब डिजिटल संदेशों के बीच आत्मीयता और अपनत्व का एहसास कहीं पीछे छूटता नजर आ रहा है, ऐसे समय में अंतर्देशीय पत्र पर छपा शादी का निमंत्रण पुरानी यादों को संजोने के साथ ही रिश्तों में अपनत्व और भावनात्मक जुड़ाव को फिर से महसूस कराने की एक खूबसूरत कोशिश है। तारेंद्र प्रसाद थपलियाल की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल