November 16, 2026

एआई और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की चुनौतियों पर मंथन

0
IMG-20261116-WA0035

 

 

गौचर। राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर गौचर प्रेस क्लब में एआई और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की चुनौतियों विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव, सोशल मीडिया की भूमिका और खबरों की विश्वसनीयता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्यान बैज्ञानिक (से. निवृत)इन्द्र सिंह नेगी, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक शंकर सिंह भाटिया ने शिरकत की। वहीं समाजसेवी एवं आईटी विशेषज्ञ अजय किशोर भंडारी ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।

 

अजय किशोर भंडारी ने कहा कि वर्तमान दौर में हिंदी पत्रकारिता पर एआई और सोशल मीडिया का व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। तकनीक ने जहां समाचारों के संकलन और प्रसारण को तेज एवं आसान बनाया है, वहीं इसके दुरुपयोग से कई नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती समाचारों की विश्वसनीयता और तथ्यपरकता बनाए रखना है। ऐसे में पत्रकारों को किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए। केवल तेजी से खबर देने की होड़ में तथ्यों और पत्रकारिता के मूल्यों से समझौता नहीं होना चाहिए।

 

विशिष्ट अतिथि लोक जागर गायक मोहित सती ने कहा कि सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी भी पहले से अधिक बढ़ गई है। पत्रकारिता का उद्देश्य समाज को सही और विश्वसनीय जानकारी देना होना चाहिए। खबरों में निष्पक्षता और सामाजिक समरसता बनाए रखना आज की बड़ी जरूरत है।

 

गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि एआई और सोशल मीडिया के इस दौर में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी को बनाए रखना बेहद जरूरी है।

 

कार्यक्रम में प्रेस क्लब गौचर के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल, रानीगढ़ गौरव सैनिक समिति के अध्यक्ष, वीरता सिंह नेगी,महामंत्री गोविंद सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष ईश्वर सिंह राणा, उपाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा, पत्रकार प्रदीप लखेड़ा, संदीप कुमार, वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, पुष्कर सिंह राणा, प्रदीप चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार भानु प्रकाश नेगी ने किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *