November 16, 2026

गढ़ कौथिग का भव्य समापन, उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं के रंगों से सराबोर रहा पांच दिवसीय मेला

0
IMG-20261115-WA0137

गढ़ कौथिग का भव्य समापन, उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं के रंगों से सराबोर रहा पांच दिवसीय मेला

स्वर्ण जयंती वर्ष पर गढ़वाल भ्रातृ मंडल ने वीर नारियों, सैनिकों, वरिष्ठ सदस्यों और प्रतिभाओं को किया सम्मानित; विधायक विनोद चमोली ने किया ‘समलौण’ पुस्तिका का विमोचन

देहरादून। गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था (पंजीकृत), क्लेमेनटाउन देहरादून की 50वीं वर्षगांठ एवं स्वर्ण जयंती वर्ष तथा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय भव्य गढ़ कौथिग (मेला) का पांचवें एवं अंतिम दिन हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ समापन हो गया। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों, खानपान और आपसी सौहार्द की अनूठी झलक प्रस्तुत करने वाला यह आयोजन यादगार बन गया।

मेले के दौरान जहां संस्था के संस्थापक परिजनों, वरिष्ठ एवं बुजुर्ग सदस्यों, वीर नारियों और सैनिकों को सम्मानित किया गया, वहीं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उत्तराखंड के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मान प्रदान किया गया। स्कूली बच्चों और महिला मंगल दलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा निःशुल्क चिकित्सा शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेले में तंबोला और विभिन्न स्टॉलों पर भी लोगों की खूब भीड़ उमड़ी।

अंतिम दिवस के दोपहर के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त), कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र एवं विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित तथा राज्य मंत्री एवं अध्यक्ष सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद और विशिष्ट अतिथि रेडफोर्ड स्कूल के चेयरमैन डॉ. शूरवीर सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान संस्था के संरक्षक, अध्यक्ष, महासचिव, मेला अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हृदयांशी उप्रेती ने शिव जटाधारी भक्ति गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से की। दीपांजलि ग्रुप की महिलाओं ने हरेला पर्व पर आधारित गीत ‘बोल चौमासी की जड़ मा हरेला’ पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं सूबेदार मेजर जसवंत सिंह नेगी (चांदकोटी) ने गढ़वाली गीत ‘हिन्दू का दिन सरु डांडा न जैई’ की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। इशिका नेगी महिला ग्रुप ने जागर गीत पर देव नृत्य प्रस्तुत किया। त्यूणी से पहुंचे बच्चों ने ‘मैं पहाड़न मेरो पहाड़’ सहित जौनसारी गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक कैप्टन पान सिंह नेगी (सेवानिवृत्त), शौर्य चक्र एवं सेना मेडल तथा कैप्टन रूप सिंह रावत (सेवानिवृत्त), राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित को संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। वीर नारियों अनुसुइया रावत और सुदामा जुयाल को भी सम्मान प्रदान किया गया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. शूरवीर सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि गढ़वाली होने के नाते हमें अपनी बोली-भाषा, संस्कृति और सभ्यता को कभी नहीं भूलना चाहिए। वहीं मुख्य अतिथि कर्नल अजय कोठियाल ने गढ़वाली समाज के साहस और हिम्मत की सराहना करते हुए गढ़वाल भ्रातृ मंडल के इस आयोजन को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, एकता और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश देते हैं।

कार्यक्रम में इशिका ग्रुप ने रामी बौराणी की मार्मिक लोकगाथा पर आधारित प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद अनुसीय एवं मीना राणा ग्रुप ने उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक पहचान को फैशन शो के माध्यम से प्रदर्शित किया।

सांस्कृतिक संध्या में झूमे दर्शक, ‘समलौण’ पुस्तिका का विमोचन

सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धर्मपुर क्षेत्र के विधायक विनोद चमोली रहे। अनिल बिष्ट एवं शिवानी नेगी के सांस्कृतिक दल ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। अनिल बिष्ट के लोकप्रिय गीत ‘चल बैजरो का सैणा, राजूली कुमेणा’ पर दर्शक जमकर थिरके। कार्यक्रम के दौरान आजीवन सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके बाद विधायक विनोद चमोली ने ‘समलौण’ पुस्तिका का विमोचन किया।

कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक कर्नल हीरा मणि बर्थवाल, रघुनंदन सिंह रावत, सुंदर लाल सेमवाल, ओपी बहुगुणा, अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत, महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी, दुर्गा प्रसाद बडोनी, आरसीएस रावत, विश्व भास्कर मैंदोला, नरेंद्र कोटनाला, मनोनीत पार्षद अभिषेक परमार, जितेंद्र खंतवाल, कैप्टन आलम सिंह भंडारी, उमराव सिंह गुसाईं, अशोक सुंदरियाल, कैप्टन महेंद्र सिंह बिष्ट, जसवंत सिंह नेगी, विलोचन बड़थ्वाल, गोविंद सिंह रावत, रमेश चमोली, डीएस भंडारी, बृजमोहन भंडारी, सुबोध नौटियाल, राजुल नौटियाल, रंजन नौटियाल, देवी प्रसाद पुरोहित, सांस्कृतिक सचिव यशवंती थपलियाल, लक्ष्मण कोटनाला सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में संस्था अध्यक्ष ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए पांच दिवसीय गढ़ कौथिग के सफल आयोजन के साथ समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल